अमरनाथ गुफा जाने वाले दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए यात्रा निलंबित
अमरनाथ गुफा जाने वाले दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए यात्रा निलंबित
श्रीनगर, आठ अगस्त (भाषा) अमरनाथ गुफा जाने वाले दोनों मार्गों की मरम्मत के लिए अमरनाथ यात्रा को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह घोषणा की।
कश्मीर के संभाग आयुक्त अंशुल गर्ग ने कहा, ‘‘यात्रा नौ अगस्त, 2026 से दोनों मार्गों पर निलंबित रहेगी। ‘छड़ी मुबारक’ पारंपरिक पहलगाम मार्ग से जाएगी और 28 अगस्त को अमरनाथ यात्रा-2026 का समापन होगा।’’
उन्होंने कहा कि 57 दिन चलने वाली श्री अमरनाथ जी यात्रा इस वर्ष तीन जुलाई को शुरू हुई थी और 28 अगस्त को ‘छड़ी मुबारक’ के साथ संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्गों से एक साथ शुरू हुई थी।
गर्ग ने कहा, “अब तक चार लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस हुई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) इन मार्गों की मरम्मत का काम कर रहा है। इसके अलावा, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों में खराब मौसम की आशंका जताई है।”
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि अपनी सुरक्षा और यात्रा को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए वे सक्षम अधिकारियों की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भाषा
प्रचेता देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


