बढ़ते तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने भारत के ज्यादातर छात्रों को तेहरान से बाहर पहुंचाया

बढ़ते तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने भारत के ज्यादातर छात्रों को तेहरान से बाहर पहुंचाया

बढ़ते तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने भारत के ज्यादातर छात्रों को तेहरान से बाहर पहुंचाया
Modified Date: March 3, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: March 3, 2026 8:30 pm IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) भारत ने मंगलवार को कहा कि ईरान में उसके दूतावास ने नाजुक सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए ज्यादातर भारतीय छात्रों को तेहरान से बाहर पहुंचा दिया है।

भारत ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज हो गया है। अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर ताजा हमले किए हैं, जबकि तेहरान ने जवाबी कार्रवाई में कई खाड़ी देशों पर बमबारी जारी रखी है।

भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘तेहरान शहर में बढ़ते खतरे को देखते हुए, भारतीय दूतावास ने तेहरान में मौजूद ज्यादातर भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।’’

छात्रों को तेहरान से बाहर ले जाया गया है।

दूतावास ने कहा कि उसने छात्रों को ले जाने, भोजन और आवास की व्यवस्था की।

उसने कहा, ‘‘केवल कुछ ही छात्र तेहरान में रह गए हैं जिन्होंने दूतावास के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था।’’

दूतावास ने कहा, ‘‘ईरान में मौजूद अन्य भारतीय छात्रों और भारतीय नागरिकों के लिए पूर्व में जारी किया गया परामर्श अपरिवर्तित है: जहां हैं वहीं रहें, यथासंभव घर के अंदर रहें और खिड़कियों से दूर रहें।’’

एक ताजा परामर्श में, दूतावास ने भारतीयों से हर समय सावधानी बरतने, विरोध प्रदर्शनों वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और दूतावास के साथ नियमित रूप से संपर्क में रहने का भी आग्रह किया।

माना जा रहा है कि ईरान में छात्रों समेत करीब 9,000 भारतीय फंसे हुए हैं।

ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों की सटीक संख्या की फिलहाल जानकारी नहीं है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में