कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच शिवकुमार ने कहा, ‘धैर्य का फल मिलेगा’
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच शिवकुमार ने कहा, ‘धैर्य का फल मिलेगा’
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘धैर्य का फल मिलेगा’।
सिद्धरमैया सरकार शुक्रवार को 1,000 दिन पूरे करने जा रही है। शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ किसी तरह के सत्ता संघर्ष की बात से इनकार किया।
इन खबरों पर कि कुछ विधायक 16 फरवरी से तीन मार्च तक विदेश यात्रा पर जा रहे हैं जिसका मकसद मुख्यमंत्री और उनके उपमुख्यमंत्री के बीच सत्ता की साझेदारी में देरी करना है, शिवकुमार ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैंने इसे सिर्फ अखबारों में पढ़ा है।’’ दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ-साथ एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद शिवकुमार ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर उनसे कोई चर्चा नहीं हुई।
उन्होंने दोहराया कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व राज्य के हित में उचित समय पर निर्णय लेगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेता कर्नाटक और पार्टी के हित में जब भी उचित समझेंगे, निर्णय लेंगे।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें धैर्य रखने के लिए कहा गया है, तो शिवकुमार ने कहा, ‘‘धैर्य का भी फल मिलेगा।’’ उन्होंने पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ हुई बैठक के निष्कर्ष के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


