अमित शाह ने लोगों से ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया

अमित शाह ने लोगों से ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया

अमित शाह ने लोगों से ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया
Modified Date: April 22, 2026 / 09:56 pm IST
Published Date: April 22, 2026 9:56 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के समर्थन में एक रोड शो का नेतृत्व किया और लोगों से ममता बनर्जी को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।

शाह भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली और अन्य नेताओं के साथ भगवा रंग से सजे एक वाहन के ऊपर से लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आए।

दक्षिण 24 परगना जिले के इस कस्बे में सड़क के दोनों ओर कतार में लोग खड़े थे। हजारों उत्साहित भाजपा समर्थक, पार्टी के झंडे लिए और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए रोड शो में शामिल हुए।

शाह ने कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि ‘मां, माटी, मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आईं ममता दीदी को हटाया जाए, जिन्होंने बंगाल को गुंडों के भरोसे छोड़ दिया है। अब उनका एकमात्र लक्ष्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है।”

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी मुख्यमंत्री के भतीजे हैं, जिन्हें पार्टी में दूसरा सबसे अहम नेता माना जाता है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा ने कोलकाता और उसके आसपास के क्षेत्रों जैसे सोनारपुर के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है।

उन्होंने राज्य में कथित औद्योगिक पिछड़ापन और “सिंडिकेट राज” के मुद्दे पर भी तृणमूल की आलोचना की।

शाह ने कहा, “भाजपा के सत्ता में आते ही गुंडे पश्चिम बंगाल छोड़कर भाग जाएंगे। मेरा वादा याद रखिए…पांच मई के बाद सिंडिकेट के सदस्य बंगाल से फरार हो जाएंगे।”

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा राखी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में