अमित शाह ने केंद्रीय कर्मियों के डीए में वृद्धि और असम में राजमार्ग चौड़ीकरण के फैसले की प्रशंसा की
अमित शाह ने केंद्रीय कर्मियों के डीए में वृद्धि और असम में राजमार्ग चौड़ीकरण के फैसले की प्रशंसा की
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में तीन प्रतिशत की वृद्धि करने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह विजयादशमी की पूर्व संध्या पर केंद्रीय कर्मियों और उनके परिवार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से एक उपहार है।
शाह ने असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 के कलियाबोर-नुमालीगढ़ खंड के मौजूदा मार्ग को चार लेन का बनाने और चौड़ा करने के मंत्रिमंडल के फैसले की भी सराहना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विजयादशमी से पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने केंद्रीय कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को बड़ा उपहार दिया है। आज केंद्रीय कैबिनेट ने महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में तीन प्रतिशत अतिरिक्त बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। एक जुलाई 2025 से लागू होने वाले इस फैसले से करीब 49.19 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.72 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।’’
शाह ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘असम के हमारे बहनों और भाइयों को 6,957 करोड़ रुपये की लागत से कलियाबोर-नुमालीगढ़ राजमार्ग के चार लेन के निर्माण को मंज़ूरी मिलने पर बधाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे लोगों, वस्तुओं और सेवाओं के परिवहन में वृद्धि होगी और असम के तेज आर्थिक विकास के लिए मोदी जी के दृष्टिकोण को गति मिलेगी, साथ ही भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता के एक स्तंभ के रूप में नुमालीगढ़ की प्रतिष्ठा और भी बढ़ेगी।’’
अमित शाह ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने इस नवरात्रि हर आयु-वर्ग को एक के बाद एक सौगातें दी हैं। देश के बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षा से सम्पन्न बनाकर ‘विकसित भारत’ की निर्माण यात्रा को गति देने के लिए आज केन्द्रीय कैबिनेट ने 57 नए केन्द्रीय विद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दी है।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुल 5,862.55 करोड़ रुपये की लागत से देश के अलग-अलग हिस्सों में बनने वाले ये केन्द्रीय विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहयोगी बनने वाले हैं।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


