अमित शाह शुक्रवार को त्रिपुरा में बांग्लादेश सीमा का दौरा करेंगे, होटल परियोजना की आधारशिला रखेंगे

अमित शाह शुक्रवार को त्रिपुरा में बांग्लादेश सीमा का दौरा करेंगे, होटल परियोजना की आधारशिला रखेंगे

अमित शाह शुक्रवार को त्रिपुरा में बांग्लादेश सीमा का दौरा करेंगे, होटल परियोजना की आधारशिला रखेंगे
Modified Date: June 5, 2026 / 10:17 am IST
Published Date: June 5, 2026 10:17 am IST

अगरतला, पांच जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर हैं जहां वह शुक्रवार को बांग्लादेश सीमा का निरीक्षण करेंगे तथा सुरक्षा समीक्षा के लिए बैठक करेंगे, वहीं एक होटल परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि शाह बृहस्पतिवार शाम अगरतला पहुंचे और वह आज सुबह गोमती जिले में मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन करेंगे।

अधिकारी ने बताया कि बाद में केंद्रीय गृह मंत्री पश्चिम त्रिपुरा जिले के शालबागान स्थित बीएसएफ त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वह एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सीमा प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जेके सिन्हा, पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड़ और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी शामिल होंगे।

अधिकारी के अनुसार शाह भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थिति का आकलन करने के लिए पश्चिम त्रिपुरा में स्थित लंकामुरा सीमा चौकी का दौरा भी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री पुराने राज भवन परिसर में प्रस्तावित पुष्पबंत पैलेस होटल की आधारशिला रखेंगे।

राज्य सरकार ने पुष्पबंत पैलेस को एक हेरिटेज पांच-सितारा होटल बनाने के लिए पिछले साल 14 मार्च को टाटा समूह द्वारा प्रवर्तित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

गृह मंत्री का यह दौरा त्रिपुरा की बांग्लादेश के साथ लगने वाली सीमा और घुसपैठ, मानव तस्करी तथा नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी से जुड़ी चिंताओं के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में