ब्रू पुनर्वास योजना की समीक्षा के लिए अमित शाह मई में त्रिपुरा का दौरा करेंगे
ब्रू पुनर्वास योजना की समीक्षा के लिए अमित शाह मई में त्रिपुरा का दौरा करेंगे
(फाइल फोटो के साथ)
अगरतला, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह त्रिपुरा में ब्रू शरणार्थियों के पुनर्वास की समीक्षा के लिए मई में राज्य का दौरा करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
1997 में जातीय तनाव के बाद मिजोरम भागे 37,136 ब्रू शरणार्थियों का एक ऐतिहासिक समझौते पर दस्तखत के बाद त्रिपुरा में पुनर्वास किया गया था।
अभी तक ज्यादातर शरणार्थियों का 12 नामित जगहों पर पुनर्वास किया गया है।
जिला अधिकारी गोवेकर मयूर रतिलाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “जमीनी स्तर पर पुनर्वास की प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री अमित शाह के आठ मई को गोमती जिले के कारबुक और अमरपुर अनुमंडल में दो ब्रू पुनर्वास क्षेत्रों का दौरा करने की संभावना है। हम इस हाई-प्रोफाइल दौरे के लिए जरूरी इंतजाम कर रहे हैं।”
अमरपुर के पश्चिम कालजारी में 439 ब्रू परिवारों, जबकि कारबुक के सिलाचेरी में 264 ब्रू परिवारों का पुनर्वास कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने दोनों क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की है।
स्वास्थ्य सचिव देबाशीष बासु द्वारा इन इलाकों में बुधवार को दो स्वास्थ्य उपकेंद्र खोले गए थे।
बुधवार को दिल्ली में शाह से मुलाकात करने वाले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए पश्चिम कालजारी और सिलाचेरी जाने की संभावना है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


