छात्रों के साहस को इतिहास याद रखेगा: अमोल पालेकर
छात्रों के साहस को इतिहास याद रखेगा: अमोल पालेकर
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) वरिष्ठ अभिनेता और निर्देशक अमोल पालेकर ने प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए उनके नाम एक पत्र जारी किया है।
पालेकर ने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और उन्हें हर संभव कानूनी, चिकित्सीय तथा वित्तीय मदद देने का भरोसा दिया।
‘मिड-डे’ समाचार पत्र में प्रकाशित उनके इस खुले पत्र में पालेकर ने लिखा कि वे यह पत्र केवल एकजुटता जताने के लिए नहीं, बल्कि छात्रों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र लोकतंत्र के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं
उन्होंने लिखा, “आप पर हुए लाठीचार्ज की तस्वीरों ने हमें गहरे दुख और गुस्से से भर दिया है। विश्वविद्यालय ही वह स्थान हैं जहां समाज सवाल उठाना सीखता है। अपने भविष्य का फैसला करने वालों से जवाब मांगना कोई विशेष अधिकार मांगना नहीं, बल्कि एक लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाना है।”
उन्होंने कहा, “जब तार्किक बातचीत के बजाय लाठियों से जवाब दिया जाता है, तो उससे छात्रों का नहीं बल्कि सरकार का कद छोटा होता है।”
पालेकर ने लिखा, “आज भले ही आपको छात्र कहा जा रहा हो, लेकिन आने वाले कल में आपको उस पीढ़ी के रूप में याद किया जाएगा जिसने चुप्पी के बजाय साहस को चुना।”
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


