पंजाब पर ध्यान केंद्रित करेंगे बिट्टू, लुधियाना से विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना
पंजाब पर ध्यान केंद्रित करेंगे बिट्टू, लुधियाना से विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना
चंडीगढ़, 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा केंद्रीय मंत्रिपरिषद से रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद, भाजपा नेता ने शुक्रवार को कहा कि अब वह अपना पूरा ध्यान चुनावी राज्य पंजाब पर लगाएंगे, जहां उनकी पार्टी 2027 में सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है।
बिट्टू के लुधियाना से 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने शुक्रवार को रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर, राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से बिट्टू का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।
भाजपा के प्रमुख सिख नेता बिट्टू ने कहा कि उन्होंने 21 जून को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जब उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हुआ था।
बिट्टू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मैंने जालंधर रैली के दौरान और सोमवार को भी प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाए और उनसे आशीर्वाद मांगा।”
जून में, संसद में लगभग 17 साल बिताने के बाद बिट्टू ने पंजाब विधानसभा में काम करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि 2024 का संसदीय चुनाव हारने के बावजूद भाजपा ने उन्हें मंत्री बनाया।
भाषा प्रशांत आशीष
आशीष

Facebook


