चोरी करने के लिए उप्र से विमान से केरलम पहुंचा 11 सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चोरी करने के लिए उप्र से विमान से केरलम पहुंचा 11 सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोच्चि/त्रिशूर (केरलम), 21 सितंबर (भाषा) चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के इरादे से विमान से केरलम पहुंचे उत्तर प्रदेश के 11 सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह को कोच्चि, त्रिशूर और कन्नूर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने केरल के विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन मकानों, तांबे की पट्टियों वाले कई बड़े जेनरेटर और टेलीफोन एक्सचेंज बूथ को कथित तौर पर अपना निशाना बनाया था।
चोरी की घटनाओं को अंजाम देते समय आरोपी निर्माण श्रमिकों जैसी पोशाक पहना करते थे ताकि किसी को उनपर संदेह न हो। पुलिस ने बताया कि उनके पास से ऐसी पोशाक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मेरठ और बागपत के रहने वाले गिरोह के सदस्य विमान से केरलम पहुंचे थे, जबकि यात्रा और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले दोपहिया वाहनों को दिल्ली से ट्रेन के जरिए केरलम लाया गया था।
त्रिशूर में चोरी की कोशिश के दौरान गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किये जाने के बाद पुलिस ने यह अभियान शुरू किया था।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि उसके साथी कोच्चि में ठहरे हुए हैं।
प्राप्त सूचना के आधार पर कोच्चि सिटी पुलिस ने त्रिशूर पुलिस के साथ मिलकर कलामासेरी के एक लॉज में छापा मारा और गिरोह के पांच और सदस्यों को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान उनसे मिली जानकारी के आधार पर, कन्नूर से वारदात को अंजाम दे रहे गिरोह के और पांच सदस्यों को कन्नूर पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों के खिलाफ पहले भी थ्रिक्काकारा थाने में इसी तरह की घटनाओं के संबंध में मामले दर्ज किए गए थे।
भाषा सुरभि सुभाष
सुभाष

Facebook


