भारतीय नायकों की वीरता पर एक प्रदर्शनी का राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटन
भारतीय नायकों की वीरता पर एक प्रदर्शनी का राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटन
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) दिल्ली मेट्रो के एक स्टेशन पर बृहस्पतिवार को एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया जिसमें भारतीय सैनिकों के साहस एवं वीरता तथा मेट्रो की अदम्य कहानी प्रदर्शित की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो नेटवर्क की ‘पिंक लाइन’ पर राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन पर ‘वीरता और विकास’ नामक यह स्थायी प्रदर्शनी होगी।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने बताया कि डीएमआरसी के प्रमुख विकास कुमार ने इसका उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस मौके पर वीरता पुरस्कार से सम्मानित और अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर जवानों के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
प्रदर्शनी में लगे पैनल में भारत के वीरता पुरस्कारों और उनके विजेताओं के विवरण दर्शाए गए हैं, जिनमें परमवीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र और वीर चक्र की छवियों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में लगे अन्य पैनल में स्वतंत्रता के बाद से भारत की 75 वर्षों की यात्रा और महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में दिल्ली मेट्रो की उत्पत्ति, इसकी उल्लेखनीय यात्रा और राष्ट्रीय राजधानी तथा उसके बाहर शहरी परिवहन के प्रतिमान को बदलने में इसकी अद्भुत कहानी के बारे में बताया गया है।
इस विषय पर एक पैनल, ‘जेनेसिस: दिल्ली मेट्रो- फ्रॉम आइडियाज टू एक्शन’ में कहा गया है कि दिल्ली मेट्रो के विकास में उस समय के बाद 32 साल लग गए जब पहली बार बड़े पैमाने पर ‘रैपिड ट्रांजिट नेटवर्क’ की सिफारिश की गई थी।
डीएमआरसी ने कहा, ‘‘दिल्ली मेट्रो की सफलता इस बात का ज्वलंत उदाहरण है कि कैसे हम जनता की भलाई के लिए बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को क्रियान्वित करने में सक्षम हैं।’’
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


