एंजेल चकमा हत्याकांड: पिता ने पुलिस पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया

एंजेल चकमा हत्याकांड: पिता ने पुलिस पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया

एंजेल चकमा हत्याकांड: पिता ने पुलिस पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया
Modified Date: April 22, 2026 / 06:15 pm IST
Published Date: April 22, 2026 6:15 pm IST

देहरादून, 22 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले साल दिसंबर में एक कथित ‘नस्लीय हमले’ में मारे गए त्रिपुरा के 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा के पिता ने बुधवार को उत्तराखंड पुलिस पर आरोप लगाया कि हत्या का मुख्य आरेापी पुलिस की नाकामी की वजह से अब तक फरार है ।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हेड कांस्टेबल तरुण प्रसाद चकमा ने कहा कि उनके बेटे की मौत को चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है ।

ऐसा माना जा रहा है कि नेपाल के कंचनपुर का निवासी अवस्थी घटना के बाद सीमा पार कर अपने देश लौट गया ।

चकमा ने कहा, ‘‘मामले में पुलिस का कोई सक्रिय अभियान नहीं चल रहा है। मुख्य आरोपी नेपाल में है और उसके ठिकाने के बारे में कोई सुराग नहीं है।’’

उन्होंने स्थानीय पुलिस पर आरोपी के साथ ‘साठगांठ’ का भी आरोप लगाया और कहा कि मामले में एक सांसद के हस्तक्षेप के बाद ही प्राथमिकी लिखी गयी ।

त्रिपुरा के उनाकोटी के रहने वाले एंजेल चकमा तथा उसके भाई माइकल पर देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में नौ दिसंबर 2025 को छह लोगों के एक समूह ने तब हमला कर दिया था जब उन्होंने कथित नस्लीय टिप्पणी का विरोध किया था ।

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एंजेल को अस्पताल ले जाया गया जहां 26 दिसंबर को उसकी मौत हो गयी।

फिलहाल त्रिपुरा के सिपाहीजाला में तैनात तरुण चकमा ने बताया कि एंजेल एक होनहार छात्र था और उसे 12 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज के साथ नौकरी भी मिल गयी थी । उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उसकी शिक्षा का खर्च उठाने के लिए 30 वर्षों तक ड्यूटी की। एंजेल को 27 दिसंबर से इंटर्नशिप शुरू करनी थी लेकिन उसे कभी मौका ही नहीं मिला।’’

दुखी पिता ने कहा कि इस घटना से उनके छोटे बेटे माइकल को गहरा सदमा लगा था, जो देहरादून में ही स्नातक पाठ्यक्रम में दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा है । उन्होंने कहा, ‘‘मेरा छोटा बेटा पूरी तरह से चुप है। एक बेटा चला गया, और दूसरे का जीवन इस सदमे से बर्बाद हो रहा है।’’

पुलिस मामले में अब तक छह में से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

विकासनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक सिंह कुटियाल ने बताया कि अवस्थी को पकड़ने के लिए जनवरी में लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था जबकि ब्लू कॉर्नर नोटिस पर भी कार्रवाई की जा चुकी है ।

उन्होंने कहा, ‘‘रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।’’

भाषा दीप्ति धीरज

धीरज


लेखक के बारे में