केरल में अंगदान से जुड़े जाली दस्तावेज बनाने वाले गिरोह से जुड़ा एक और व्यक्ति गिरफ्तार
केरल में अंगदान से जुड़े जाली दस्तावेज बनाने वाले गिरोह से जुड़ा एक और व्यक्ति गिरफ्तार
कोच्चि, नौ मई (भाषा) केरल पुलिस ने कोच्चि में अंगदान करने वालों और इसके प्राप्तकर्ताओं के लिए जाली दस्तावेज मुहैया कराने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुन्नथुनाड के पेरिंगाला निवासी नजीब की पत्नी रशीदा (37) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि नजीब समूचे केरल में दर्ज विभिन्न मामलों में मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार है।
रशीदा कुन्नथुनाड थाने में दर्ज दो मामलों में आरोपी है। ये मामले पल्लीकारा में तलाशी और जांच के बाद दर्ज किए गए थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रशीदा को शुक्रवार रात हिरासत में लिया गया था और उसकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से शनिवार को दर्ज की गई।
पुलिस ने शुक्रवार को एर्नाकुलम के कुन्नाथुनाड में मोरक्कला निवासी सनी वर्गीस (56) और उसकी पत्नी सिनी वर्गीस (50) और एर्नाकुलम जिले के चेलक्कुलम, पट्टीमट्टम के निवासी सनोज (32) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि इसके अलावा श्रीजा और सुधीर नाम के दो लोगों को संबंधित मामले में कोल्लम जिले की किलिकोल्लूर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अंगदान की प्रक्रिया में दानदाताओं और प्राप्तकर्ताओं के लिए जटिल सत्यापन प्रक्रियाएं शामिल होती हैं, जिनके लिए पुलिस, स्थानीय निकायों, चिकित्सकों, विधायकों और सांसदों से प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है, इसलिए आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसे दस्तावेजों में हेराफेरी की।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


