असम में देश की पहली नदी के नीचे सड़क-सह-रेल सुरंग की मंजूरी ऐतिहासिक उपलब्धि: मुख्यमंत्री
असम में देश की पहली नदी के नीचे सड़क-सह-रेल सुरंग की मंजूरी ऐतिहासिक उपलब्धि: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 14 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि असम में देश की पहली नदी के नीचे सड़क-सह-रेल सुरंग के लिए केंद्र की मंजूरी एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने असम के गोहपुर और नुमालीगढ़ के बीच भारत की पहली ‘अंडरवाटर ट्विन ट्यूब रोड-कम-रेल टनल’ के निर्माण को 18,662 करोड़ रुपये की कुल पूंजी लागत से मंजूरी दे दी है।
शर्मा ने ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे 15.79 किलोमीटर लंबी सुरंग सहित 33.7 किलोमीटर लंबे चार लेन के कॉरिडोर को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘असम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि – भारत की पहली ‘अंडरवाटर ट्विन ट्यूब रोड-कम-रेल टनल’ को मंजूरी मिल गई है! 18,662 करोड़ रुपये की लागत से गोहपुर से नुमालीगढ़ (जिसमें ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे 15.79 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है) तक 33.7 किलोमीटर लंबे चार लेन कॉरिडोर को मंजूरी देने के लिए नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार।’
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


