गोवा के आर्चबिशप ने दी ईद की बधाई, जम्मू और ओडिशा में भी उत्साह के साथ मनाया गया त्योहार
गोवा के आर्चबिशप ने दी ईद की बधाई, जम्मू और ओडिशा में भी उत्साह के साथ मनाया गया त्योहार
जम्मू/भुवनेश्वर/पणजी, 21 मार्च (भाषा) गोवा और दमन के आर्चबिशप फिलिप नेरी कार्डिनल फेराओ ने शनिवार को ईद-उल-फितर के अवसर पर मुस्लिम समुदाय को बधाई दी और करुणा, एकता तथा पारस्परिक सम्मान के मूल्यों पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “जब हम करुणा, उदारता और एकता के मूल्यों का उत्सव मना रहे हैं, तो आइए हम मित्रता और पारस्परिक सम्मान के साथ आगे बढ़ते रहें और व्यापक हित के लिए आपसी समझ के सेतु बनाएं।”
फेराओ ने खाड़ी देशों में जारी संकट को ध्यान में रखते हुए वहां स्थायी शांति और स्थिरता के लिए प्रार्थना भी की और आशा व्यक्त की कि ईद का यह पर्व विश्वभर में एकता और सद्भाव की दिशा में लोगों का मार्गदर्शन करेगा।
जम्मू में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में एकत्र होकर शांति और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के अंत के लिए दुआएं मांगीं।
जम्मू के शाही इमाम मुफ्ती इनायतुल्लाह कासमी ने कहा कि ईद एक महीने के उपवास और इबादत के बाद खुशी और कृतज्ञता का दिन है।
कासमी ने संवाददाताओं से कहा, “हम दुआ करते हैं कि अल्लाह सभी को सुखी, समृद्ध और स्वस्थ रखें और मानवता शांति और सद्भाव से रहे।”
ओडिशा में मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग मस्जिदों और खुले मैदानों में स्थित ईदगाहों में नमाज अदा करने और त्योहार मनाने के लिए उमड़े।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनाइक ने मुस्लिम समुदाय को ईद की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


