झारखंड में माओवादी ठिकाने से हथियार और कारतूस बरामद
झारखंड में माओवादी ठिकाने से हथियार और कारतूस बरामद
लातेहार (झारखंड), 19 जुलाई (भाषा) झारखंड पुलिस ने लातेहार जिले में माओवादियों के एक ठिकाने से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी रवींद्र गंझू से मिली सूचना के आधार पर एक एके-56 राइफल, दो मैगजीन और 90 कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हथियार और कारतूस जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के वनक्षेत्र में एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखे गए थे।
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन की क्षेत्रीय समिति सदस्य रवींद्र गंझू को 13 जुलाई को चंदवा क्षेत्र के हेल्सा गांव से गिरफ्तार किया गया था। उस पर 18 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 43 वर्षीय माओवादी पर झारखंड में सुरक्षाबलों पर हुए कई घातक हमलों में शामिल होने का आरोप है, जिनमें कम से कम 16 सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु हुई थी।
लातेहार के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार ने बताया, “गिरफ्तारी के दिन उसके पास से एक अन्य एके-56 राइफल बरामद की गई थी।”
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गंझू ने कई अन्य बड़ी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
झारखंड सरकार ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उस पर तीन लाख रुपये का इनाम रखा था।
गंझू विभिन्न थानों में दर्ज 154 मामलों में वांछित था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह 22 नवंबर, 2019 को लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों पर घात लगाकर किए गए हमले में कथित रूप से शामिल था, जिसमें चार जवानों की मौत हुई थी।
इसके अलावा, वह सात जनवरी, 2013 को इसी जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के कटिया में सुरक्षाबलों पर हुए हमले में भी वांछित था जिसमें 12 जवानों की मृत्यु हो गई थी और 14 घायल हुए थे।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


