चंडीगढ़, 26 मई (भाषा) फिरोजपुर में पंजाब पुलिस की जासूसी निरोधक शाखा ने सीमा पार से अवैध हथियार की तस्करी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक हथियार आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार करके उसके पास से पांच ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोजपुर के खेहरा के उत्तर गांव के निवासी लखविंदर सिंह के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह एक महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था।
यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद हथियार कथित तौर पर सीमा पार स्थित नेटवर्क के माध्यम से भारत में तस्करी करके लाए गए थे और इन्हें गिरोह के माध्यम से आगे वितरित किया जाना था।
डीजीपी ने बताया कि इस मामले में आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है ताकि इस गिरोह से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
जासूसी निरोधक शाखा के सहायक महानिरीक्षक गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों को संदिग्ध लखविंदर सिंह के क्षेत्र में हथियार आपूर्तिकर्ता के रूप में काम करने की विश्वसनीय सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने फिरोजपुर के कुलगरही इलाके में अभियान चलाया और लखविंदर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच अत्याधुनिक हथियारों की खेप बरामद की।
फिरोजपुर के कुलगरही पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश