अरुणाचल के राज्यपाल ने राज्य के विकास में राजस्थानी समुदाय की भूमिका की सराहना की

Ads

अरुणाचल के राज्यपाल ने राज्य के विकास में राजस्थानी समुदाय की भूमिका की सराहना की

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 09:16 PM IST

ईटानगर, 30 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के. टी. परनाइक (सेवानिवृत्त) ने राज्य के विकास में राजस्थानी समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सोमवार को सराहना की और उनसे राज्य की प्रगति, खासकर पर्यटन को बढ़ावा देने और सामाजिक-आर्थिक विकास को मजबूत करने में, आगे भी सहयोग जारी रखने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने लोक भवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल की भावना के तहत आयोजित राजस्थान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए समुदाय से कचरा प्रबंधन पहलों में सक्रिय भागीदारी करने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग तथा स्वास्थ्य समस्याओं, विशेषकर तपेदिक (टीबी), जैसी सामाजिक चुनौतियों से लड़ने में शामिल होने का भी आग्रह किया।

इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार, समारोह में राज्य में कार्यरत राजस्थानी समुदाय के सदस्य उपस्थित थे।

ले. जनरल (सेवानिवृत्त) परनाइक ने राजस्थानी समुदाय के शौर्य, देशभक्ति और समर्पण की भावना की सराहना करते हुए प्रदेश की प्रगति में योगदान देने के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने के उनके प्रयासों की भी प्रशंसा की।

राजस्थान की पर्यटन, उद्यमिता और विनम्र सामाजिक मूल्यों की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये गुण राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को और सशक्त बनाने में सहायक हो सकते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने देशभर में सांस्कृतिक, पारंपरिक और क्षेत्रीय संबंधों को मजबूत किया है और यह ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

भाषा सुरेश नेत्रपाल

नेत्रपाल