गुवाहाटी, चार मई (भाषा) असम विधानसभा की 126 सीटों में से चार के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं जिनमें तीन सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक सीट पर बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने जीत दर्ज की है। यह जानकारी निर्वाचन आयोग ने दी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट सीट पर भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी से 23,182 मतों के अंतर से हार गए। गोस्वामी को 69,439 मत मिले, जबकि गोगोई को 46,257 मत प्राप्त हुए।
धेमाजी सीट पर असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने कांग्रेस के शैलेन सोनोवाल को 32,229 मतों से पराजित किया। पेगू को 83,649 मत मिले, जबकि सोनोवाल को 51,420 मत प्राप्त हुए।
सीसीबारगांव सीट पर भाजपा के जिबन गोगोई ने रायजोर दल के दुलाल चंद्र बोरुआ को 40,593 मतों के अंतर से हराया। जिबन गोगोई को 75,758 मत मिले जबकि बोरुआ को 35,165 मत प्राप्त हुए।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सहयोगी बीपीएफ के उम्मीदवार और राज्य के मंत्री चरण बोरो ने माजबत सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रीति रेखा बरला को 55,546 मतों के अंतर से पराजित कर सीट बरकरार रखी।
भाषा
खारी नरेश
नरेश