असम विधानसभा चुनाव: राज्य के प्रमुख मंत्री अपनी-अपनी सीट पर आगे
असम विधानसभा चुनाव: राज्य के प्रमुख मंत्री अपनी-अपनी सीट पर आगे
गुवाहाटी, चार मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत असम सरकार के अधिकतर निवर्तमान मंत्री बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष एवं कृषि मंत्री अतुल बोरा बोकाखाट निर्वाचन क्षेत्र से अपने प्रतिद्वंद्वी रायजोर दल के उम्मीदवार से 10,414 से अधिक मतों से आगे हैं।
कुल 16 चरणों की मतगणना में से तीन चरण पूरे होने के बाद बोरा को 14,184 वोट मिले हैं, जबकि रायजोर दल के हरि प्रसाद सैकिया को 3,770 वोट प्राप्त हुए हैं।
निवर्तमान सरकार के अन्य मंत्रियों में तिहू सीट से चंद्र मोहन पटवारी भी बढ़त बनाए हुए हैं। कुल 19 चरणों की मतगणना में से तीन चरण के बाद भाजपा नेता पटवारी 9,623 मतों से आगे हैं। उन्हें 17,438 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के रतुल पटवारी को 7,815 वोट प्राप्त हुए हैं।
वर्ष 2023 में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के बाद पहली बार 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव हो रहे हैं।
असम गण परिषद नेता एवं मंत्री केशव महंत कलियाबोर सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार जितेन गौर से 10,489 से अधिक मतों से आगे हैं।
भाजपा के एक अन्य मंत्री रणजीत कुमार दास, भवानीपुर-सोरभोग निर्वाचन क्षेत्र में सात चरण की मतगणना के बाद 6,450 मतों से आगे हैं। उन्होंने अब तक 37,154 वोट हासिल किए हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मनोरंजन तालुकदार को 30,704 वोट मिले हैं।
वित्त मंत्री अजंता नेओग गोलाघाट निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के बिटुपन सैकिया से 19,454 से अधिक मतों से आगे हैं।
जागीरोड निर्वाचन क्षेत्र में, कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका (भाजपा) 24 चरणों की मतगणना में से सात चरण के बाद कांग्रेस के बुबुल दास से लगभग 21,941 मतों से आगे हैं।
तीन चरण की मतगणना के बाद कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल (भाजपा) ढेकियाजुली सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बासश उरां से 9,257 मतों के अंतर से आगे हैं।
मंत्री रानोज पेगू (भाजपा) भी 10 चरणों की मतगणना के बाद धेमाजी निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के शैलेन सोनोवाल से 23,378 से अधिक मतों से आगे हैं।
भाजपा का टिकट न मिलने के बाद कांग्रेस में शामिल हुईं निवर्तमान कैबिनेट मंत्री नंदिता गारोलोसा पीछे हैं। चार चरण की मतगणना के बाद वह भाजपा उम्मीदवार रूपाली लंगतासा से 9,674 मतों के अंतर से पीछे हैं।
असम जातीय परिषद की उम्मीदवार कुंकी चौधरी गुवाहाटी मध्य निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिग्गज नेता विजय कुमार गुप्ता से पीछे हैं। चौधरी उस समय सुर्खियों में आईं जब मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कथित गोमांस सेवन के मामले में उनके माता-पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
चार चरण की मतगणना के बाद गुप्ता को 22,513 वोट मिले हैं, जबकि चौधरी को 11,787 वोट मिले हैं।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


