असम विधानसभा चुनाव : माकपा ने दो सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
असम विधानसभा चुनाव : माकपा ने दो सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
गुवाहाटी, 16 मार्च (भाषा) असम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन का हिस्सा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने विधानसभा चुनावों के लिए सोमवार को दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
माकपा की राज्य इकाई के सचिव सुप्रकाश तालुकदार ने इस बात पर बल दिया कि उन्हें नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में दोनों सीटों पर जीत का पूरा भरोसा है।
तालुकदार ने कहा, ‘‘हमने भवानीपुर-सोरभोग और गोरेस्वर, दो सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों ही सीटों पर हमारे उम्मीदवार संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार होंगे।’’
निवर्तमान विधानसभा में भवानीपुर से विधायक रहे मनोरंजन तालुकदार, भवानीपुर-सोरभोग से चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि 2023 में परिसीमन प्रक्रिया के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र का नाम बदल दिया गया और इसे फिर से निर्धारित किया गया।
माकपा ने बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोरेश्वर निर्वाचन क्षेत्र से बापू राम बोरो को उम्मीदवार बनाया है।
सुप्रकाश तालुकदार ने कहा, ‘‘माकपा ने असम में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ हाथ मिला लिया है। हमें अपने उम्मीदवारों के बहुमत हासिल करने का पूरा भरोसा है।’’
कांग्रेस और माकपा के अलावा, विपक्षी गठबंधन के अन्य सदस्य असम जातीय परिषद, ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस और भाकपा (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन हैं।
असम की 126-सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संख्या 64 है, जबकि उसके सहयोगी एजीपी के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


