असम: गौरव ने हिमंत के पाकिस्तान से संबंध के आरोपों पर कहा, ‘सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर’
असम: गौरव ने हिमंत के पाकिस्तान से संबंध के आरोपों पर कहा, ‘सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर’
गुवाहाटी, आठ फरवरी (भाषा) असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के उनके पाकिस्तानी कनेक्शन संबंधी आरोपों को ‘बेहद बेतुका और झूठा’ बता कर खारिज कर दिया।
इसके साथ ही गोगोई ने शर्मा की प्रेस कांफ्रेंस को ‘सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर’ और ‘सुपर फ्लॉप’ करार दिया। शर्मा ने इसी प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता के खिलाफ यह आरोप लगाये थे ।
गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है जिन्हें सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस झेलनी पड़ी। यह ‘सी-ग्रेड सिनेमा’ से भी बदतर थी। तथाकथित चतुर मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए ये आरोप पूरी तरह से बेतुके और झूठे हैं।”
उन्होंने दावा किया, “यह सुपर फ्लॉप हमारी परिवर्तन यात्रा के बिल्कुल विपरीत है, जो मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कब्जा की गई 12,000 बीघा जमीन का पर्दाफाश करने में सफल रही है।”
गोगोई ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि शर्मा ने मीडिया के सामने खुद को शर्मिंदा किया है।
उन्होंने कहा, “ढाई घंटे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भी कमरे में मौजूद पत्रकार संतुष्ट नहीं हैं।”
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने कहा कि ‘असम में कोई भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा है’।
गोगोई ने कहा, “उन्हें यह बताना चाहिए कि कैसे उन्होंने (शर्मा ने) और उनके परिवार ने असम भर में 12,000 बीघा या 4,000 एकड़ की बहुमूल्य संपत्ति हासिल की। जब हम सत्ता में आएंगे, तो हम वह जमीन ले लेंगे और गरीबों और भूमिहीनों में बांट देंगे।”
शर्मा ने आरोप लगाया कि गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच ‘गहरे संबंध’ हैं तथा खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी गुप्त रूप से पड़ोसी देश को दी गई थी।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि गोगोई ने 2013 में पाकिस्तान की ‘अत्यंत गोपनीय’ यात्रा की थी और माना जाता है कि उन्होंने वहां ‘किसी प्रकार का प्रशिक्षण’ प्राप्त किया था।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


