असम के राज्यपाल ने हिमंत को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया

असम के राज्यपाल ने हिमंत को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया

असम के राज्यपाल ने हिमंत को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया
Modified Date: May 10, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: May 10, 2026 5:03 pm IST

(फोटो के साथ)

गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने निर्वाचित मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को राज्य में अगली सरकार बनाने का रविवार को निमंत्रण दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने लोक भवन में आचार्य से मुलाकात की और शर्मा के नेतृत्व में सरकार गठन का दावा पेश किया।

लोक भवन ने बयान में कहा, “राज्यपाल ने डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को असम में नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।”

बयान में यह भी कहा गया है कि आचार्य शर्मा को मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को आयोजित किए जाने की योजना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।

असम में राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने पहली बार 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।

पहली दफा 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा लगातार दूसरी बार इस पद पर आसीन होने वाले राज्य के पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे।

हालिया विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। भाजपा ने 82 सीट जीतीं, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) और (बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट) ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।

भाषा जोहेब प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में