घबराहट में खरीदारी के बीच असम सरकार ने कहा, राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार
घबराहट में खरीदारी के बीच असम सरकार ने कहा, राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार
गुवाहाटी, 26 मार्च (भाषा) असम सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन भी लोग घबराहट में खरीदारी करते दिखे।
मुख्य सचिव कार्यालय ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता काफी अधिक है।’’
इसमें कहा गया कि राज्य की चार रिफाइनरी में उत्पादित ईंधन का केवल 27 प्रतिशत ही स्थानीय स्तर पर खपत होता है। दूसरे शब्दों में, 73 प्रतिशत का अधिशेष है।
सरकार ने कहा कि नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड सहित चार रिफाइनरी का औसत मासिक उत्पादन 168,000 मीट्रिक टन पेट्रोल और 403,000 मीट्रिक टन डीजल है, जबकि राज्य की औसत मासिक खपत 63,000 मीट्रिक टन पेट्रोल और 92,000 मीट्रिक टन डीजल है।
बयान में कहा गया है, ‘‘इससे प्रति माह औसतन 105,000 मीट्रिक टन पेट्रोल और 311,000 मीट्रिक टन डीजल का अधिशेष रहता है।’’
मुख्य सचिव ने कहा, ‘‘पुलिस भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत खुले डिब्बों में ईंधन खरीदने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करेगी, और पेट्रोलियम अधिनियम, 1934 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 के प्रावधानों को भी लागू किया जा सकता है।’’
गुवाहाटी समेत असम के अधिकांश हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखी गईं, जहां कुछ पेट्रोल पंप ने सभी ग्राहकों के लिए आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रति वाहन बिक्री सीमित कर दी है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


