चेन्नई, 30 मई (भाषा) महिला से कथित दुर्व्यवहार पर तिरुवल्लूर जिले में भीड़ ने असम के एक प्रवासी मजदूर को पीटकर मार डाला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रोसेनजीत दास (35) के रूप में हुई है, जो असम के छह मजदूरों के साथ रोजगार की तलाश में तिरुवल्लूर आया था और एक किराये के कमरे में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शराब के नशे में दास ने शुक्रवार शाम पानी मांगने के बहाने महिला के घर में उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने जबरन दरवाजा बंद किया और वह अंदर चली गई।
जब आरोपी ने चाकू से खिड़कियों को नुकसान पहुंचाना शुरू किया तो महिला ने रिश्तेदारों को बुलाया। रिश्तेदार और कुछ स्थानीय लोगों का एक समूह मौके पर जमा हो गया और उन्होंने कथित तौर पर दास पर हमला किया, जिसकी बाद में चोटों के कारण मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश