असम: मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम सूची से 4300 से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए

असम: मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम सूची से 4300 से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए

असम: मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम सूची से 4300 से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए
Modified Date: February 10, 2026 / 11:25 pm IST
Published Date: February 10, 2026 11:25 pm IST

गुवाहाटी, 10 फरवरी (भाषा) असम में विशेष पुनरीक्षण के बाद मंगलवार को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के जलुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के लगभग 2.11 लाख मतदाताओं में से 4,300 से अधिक के नाम हटा दिए गए हैं।

कामरूप महानगर जिला अधिकारियों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जलुकबाड़ी में 2,06,314 मतदाताओं के नाम पाए गए, जो पिछले साल 27 दिसंबर को प्रकाशित मसौदा सूची में 2,10,624 नामों की तुलना में 4,310 कम हैं। इस तरह कुल 2.05 प्रतिशत नाम हटा दिए गए हैं।

अंतिम मतदाता सूची में 97,653 पुरुष, 1,08,654 महिलाएं हैं, साथ ही सात तृतीय लिंग के मतदाता भी शामिल हैं। इससे पता चलता है कि मसौदा सूची से 2,754 पुरुषों, 1,555 महिलाओं और एक तृतीय लिंग मतदाता के नाम हटा दिए गए।

चुनावी राज्य असम के लिए अंतिम मतदाता सूची में 2,49,58,139 मतदाता के नाम दर्ज किए गए, जो मसौदा सूची की तुलना में 0.97 प्रतिशत कम है।

मुख्यमंत्री शर्मा 2001 से जलुकबाड़ी से पांच बार के विधायक हैं।

आधिकारिक बयान में कहा गया कि मतदाता सूची से जिनके नाम हटाए गए हैं, वे 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकते हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के पास 30 दिन के भीतर दूसरी अपील करने का अवसर उपलब्ध है।

असम विधानसभा के 126 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। वर्ष 2023 में परिसीमन प्रक्रिया के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव होगा।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में