विस चुनाव 2027 : ‘वारिस पंजाब दे’ इंदिरा गांधी के हत्यारे के बेटे को बस्सी पठाना से टिकट देगा

विस चुनाव 2027 : ‘वारिस पंजाब दे’ इंदिरा गांधी के हत्यारे के बेटे को बस्सी पठाना से टिकट देगा

विस चुनाव 2027 : ‘वारिस पंजाब दे’ इंदिरा गांधी के हत्यारे के बेटे को बस्सी पठाना से टिकट देगा
Modified Date: August 12, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: August 12, 2026 2:58 pm IST

अमृतसर,12 अगस्त (भाषा) अकाली दल वारिस पंजाब दे ने 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने पहले उम्मीदवार की घोषणा करते हुए कहा कि वह केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह (61) को बस्सी पठाना सीट से अपना उम्मीदवार बनाएगा।

केहर सिंह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश रचने का दोषी करार दिया गया था और उसे फांसी की सजा दी गई थी।

इंदिरा गांधी की हत्या उनके दो अंगरक्षकों सतवंत सिंह और बेअंत सिंह ने 31 अक्टूबर 1984 को उनके आवास पर कर दी थी।

अकाली दल वारिस पंजाब दे के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह ने बुधवार को केहर सिंह के बेटे सतवंत की उम्मीदवारी की घोषणा की।

तरसेम सिंह, खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के पिता हैं, जो 2023 में अजनाला पुलिस थाना पर हुए हमले के मामले में अभी असम की जेल में बंद हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमृत कौर मलोआ ने बस्सी पठाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।

वह इंदिरा गांधी के हत्यारों में से एक बेअंत सिंह की बेटी हैं। वह फरीदकोट के सांसद सरबजीत सिंह खालसा की बहन हैं।

अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ ने हाल में इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी करार दिये गए सतवंत सिंह के भतीजे सुखविंदर सिंह अगवान को पार्टी के संसदीय बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया है।

भाषा धीरज संतोष

संतोष


लेखक के बारे में