पूर्वोत्तर के लोगों पर अत्याचार सहन नहीं किया जायेगा: रीजीजू

पूर्वोत्तर के लोगों पर अत्याचार सहन नहीं किया जायेगा: रीजीजू

पूर्वोत्तर के लोगों पर अत्याचार सहन नहीं किया जायेगा: रीजीजू
Modified Date: February 25, 2026 / 06:18 pm IST
Published Date: February 25, 2026 6:18 pm IST

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

रीजीजू और खांडू दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियों के साथ हुई उस घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उनके पड़ोसियों द्वारा कथित तौर पर नस्ली टिप्पणी की गई थी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के दिन से ही वह और उनका कार्यालय संबंधित अधिकारियों के संपर्क में थे।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने व्यक्तिगत रूप से पुलिस से बात की है और (मैं) इस मामले पर नजर रख रहा हूं। गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू की जायेगी। हम ऐसा सबक सिखाएंगे, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि पूर्वोत्तर के किसी भी व्यक्ति के साथ कोई दुर्व्यवहार न करे।’’

खांडू ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने दिल्ली के पुलिस आयुक्त (सीपी) से बात की और त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सीपी व्यक्तिगत रूप से मेरे संपर्क में हैं। आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जायेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी तीनों बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनकी सुरक्षा, गरिमा और न्याय हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।’’

रीजीजू ने पहले कहा था कि पूर्वोत्तर के लोगों पर दुर्व्यवहार की कई घटनाएं हुई हैं और कुछ मामलों में लोगों की मौत भी हो गई है, लेकिन सवाल पूछने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब स्थिति बदल गई है। हम यहां पूर्वोत्तर के अपने भाइयों और बहनों की रक्षा के लिए हैं।’’

दिल्ली की एक अदालत ने अरुणाचल प्रदेश की लड़कियों पर नस्ली टिप्पणी करने के आरोपी दंपति रूबी जैन और हर्ष को बुधवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

मालवीय नगर पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में उन्हें हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को किराये के मकान में मरम्मत कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान रूबी जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

पुलिस ने प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा को भी शामिल किया है।

पुलिस ने बताया कि शुरू में मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित आरोप शामिल हैं।

भाषा देवेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में