ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर हमला अस्वीकार्य: विदेश मंत्रालय
ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर हमला अस्वीकार्य: विदेश मंत्रालय
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि ओमान के तट पर भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ है। हालांकि पोत पर मौजूद चालक दल के सभी 14 सदस्य सुरक्षित हैं।
बुधवार को पोत पर हमला किसने किया यह अब तक पता नहीं चल पाया है। विदेश मंत्रालय ने इस हमले को ‘अस्वीकार्य’ करार दिया।
मंत्रालय ने कहा, “कल (बुधवार को) ओमान के तट पर भारतीय ध्वज वाले पोत पर हुआ हमला अस्वीकार्य है और हम इस बात की निंदा करते हैं कि वाणिज्यिक जहाजों व नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।”
मंत्रालय ने कहा,“ जहाज पर सवार चालक दल के सभी भारतीय सदस्य सुरक्षित हैं और हम उन्हें बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों के आभारी हैं।”
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत दोहराता है कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों को खतरे में डालना, या किसी भी तरह से नौवहन व व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालना, पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
खबरों के मुताबिक, यह जहाज सोमालिया से आ रहा था और हमले के कारण आग लगने से जहाज डूब गया।
ओमान के तटरक्षक बल ने चालक दल के सदस्यों को बचाया और उन्हें दीबा बंदरगाह ले जाया गया।
अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से कम से कम दो अन्य भारतीय ध्वज वाले जहाजों पर हमले हो चुके हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


