प्रशासन चुनाव के बाद हिंसा में शामिल लोगों की पार्टी देखे बिना उनके खिलाफ कार्रवाई करे: भट्टाचार्य
प्रशासन चुनाव के बाद हिंसा में शामिल लोगों की पार्टी देखे बिना उनके खिलाफ कार्रवाई करे: भट्टाचार्य
कोलकाता, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के एक दिन बाद पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को प्रशासन से आग्रह किया कि वह चुनाव के बाद हिंसा करने वालों के खिलाफ उनकी राजनीतिक संबद्धता की परवाह किए बिना कड़ी कार्रवाई करे।
विधाननगर स्थित पार्टी कार्यालय में शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद भट्टाचार्य ने संवाददाताओं से कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए गए भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।
भट्टाचार्य ने कहा, “चुनाव के बाद किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर भाजपा का कोई भी सदस्य हिंसा में शामिल पाया जाता है, तो हमें उसे पार्टी से निकाल देंगे।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला से अपील की कि हिंसा की घटनाएं जहां भी सामने आएं, वहां त्वरित प्रशासनिक हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा, “मैं प्रशासन से आग्रह करता हूं कि जहां भी ऐसी घटनाएं हों, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाए। पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा को इसीलिए चुना है।”
भट्टाचार्य ने पार्टी को जबरदस्त जनादेश देने के लिए मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने उन प्रवासी श्रमिकों के प्रति खास तौर पर आभार जताया, जो चुनौतियों के बावजूद वोट डालने के लिए बंगाल आए।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को भाजपा के विधाननगर कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों और राज्य के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक में नतीजों की घोषणा के बाद हिंसा की संभावित घटनाओं को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की गई।
भट्टाचार्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और जीत के जश्न को हिंसक न होने देने की अपील भी की।
उन्होंने कहा, “मैं अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने, खुश रहने और पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरा करने का आग्रह करता हूं। जश्न के नाम पर किसी को चोट न पहुंचाएं और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।”
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


