मिंटो रोड पर लूट का विरोध करने पर ऑटो चालक की चाकू घोंपकर हत्या

मिंटो रोड पर लूट का विरोध करने पर ऑटो चालक की चाकू घोंपकर हत्या

मिंटो रोड पर लूट का विरोध करने पर ऑटो चालक की चाकू घोंपकर हत्या
Modified Date: April 9, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: April 9, 2026 8:38 pm IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) मध्य दिल्ली के मिंटो रोड के पास कुछ बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर एक ऑटो चालक की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी और उसका वाहन लूट लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को हरियाणा के पलवल से और एक को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना पांच अप्रैल को सुबह लगभग 5:30 बजे की गई, जब पीसीआर को शिवाजी पार्क बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति के घायल पड़े होने की सूचना दी गई। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क किनारे खून से लथपथ व्यक्ति को बेहोश पाया, जिसके गले और सीने पर चाकू से वार करने के कई निशान थे।

पीड़ित को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा जांच में पीड़ित के छाती और गर्दन के अगले हिस्से में चाकू से वार करने के कई निशान मिले। कमला मार्केट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

आरोपियों की पहचान करने और उन पर नज़र रखने के लिए एक संयुक्त टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी की और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई।

अधिकारी ने बताया, ‘सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच से पता चला कि चार और पांच अप्रैल की दरमियानी रात को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास पीड़ित के ऑटो रिक्शा में पांच लोग सवार हुए थे। दिल्ली, फरीदाबाद और पलवल के कई स्थानों पर उनकी गतिविधियों का पता लगाया गया।’

विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर, पुलिस टीमों ने पलवल रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगभग 12 घंटे तक जाल बिछाया, जिस दौरान दो आरोपियों योगेश (25) और योगेश उर्फ ​रॉकी (24), को गिरफ्तार कर लिया। वे दोनों पलवल निवासी हैं।

अधिकारी के मुताबिक, उनके खुलासे के आधार पर, तीसरे आरोपी सोमेश (25) को बाद में दिल्ली के सराय काले खान बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया।

उन्होंने बताया, “लूटी गई ऑटो रिक्शा और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। लगातार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नियमित रूप से पलवल से दिल्ली तक रात की ट्रेनों से यात्रा करते थे और रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के पास यात्रियों को निशाना बनाते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि वे नशे की लत के लिए लूट और हमले करते थे।”

अधिकारी ने बताया। ‘आरोपियों ने चालक पर तब हमला किया जब उसने लूट का विरोध किया, उसे कई बार चाकू मारा और वाहन और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए, फिर पलवल लौट गए। अन्य दो आरोपियों सोनू और विक्रम को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में