बांग्लादेश बना ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ का नया सदस्य

बांग्लादेश बना ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ का नया सदस्य

बांग्लादेश बना ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ का नया सदस्य
Modified Date: June 24, 2026 / 05:09 pm IST
Published Date: June 24, 2026 5:09 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) बांग्लादेश बुधवार को इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) का नया सदस्य बन गया। यह मंच शेर, बाघ, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, गुलदार और प्यूमा जैसे जानवरों के सरक्षण प्रयासों के लिए देशों को साथ लाता है।

अब आईबीसीए में 27 सदस्य देश और पांच पर्यवेक्षक देश शामिल हैं। आईबीसीए ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस बांग्लादेश का अपने सबसे नए सदस्य देश के तौर पर गर्मजोशी से स्वागत करता है।’’

आईबीसीए ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण पड़ाव इन प्रजातियों और उनके प्राकृतिक रहवासों के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत करता है। साथ ही, यह इन प्रजातियों तथा उनके पारिस्थितिक तंत्रों को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2024 में स्थापित आईबीसीए एक बहु-देशीय और बहु-एजेंसी गठबंधन है। इसमें शेर, बाघ जैसी प्रजातियों की मौजूदगी वाले 95 देश, इनके संरक्षण में रुचि रखने वाले देश, संरक्षण सहयोगी, संबंधित अनुसंधान से जुड़े वैज्ञानिक संगठन, व्यावसायिक समूह और संरक्षण प्रयासों को समर्थन देने वाले कॉर्पोरेट संस्थान शामिल हैं।

इस मंच का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देना है। साथ ही, सफल संरक्षण उपायों, अनुभवों और विशेषज्ञता को साझा करने की व्यवस्था विकसित करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में