कोलकाता, आठ दिसंबर (भाषा) बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचारों के विरोध में रविवार को कोलकाता में एक प्रदर्शन किया गया, जिसमें ढाकाई जामदानी साड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।
बंगाली हिंदू सुरक्षा समिति द्वारा आयोजित यह प्रदर्शन साल्ट लेक इंटरनेशनल बस टर्मिनस पर हुआ। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेशी सामानों के बहिष्कार का आह्वान किया तथा चेतावनी दी कि यदि तिरंगे का अपमान और हिंदुओं पर हमले जारी रहे तो भारतीय चुप नहीं बैठेंगे।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘हम बांग्लादेश में हिंदुओं को लगातार निशाना बनाए जाने और भारत के खिलाफ नफरत से प्रेरित बयानों की निंदा करते हैं। हम चुप नहीं बैठेंगे और जामदानी साड़ियों को जलाने के साथ ही हम लोगों से बांग्लादेशी उत्पादों का बहिष्कार करने का आग्रह करते हैं।’’
प्रदर्शन में शामिल एक शख्स ने कहा, ‘‘यह कैसा बांग्लादेश है? 1971 में आजादी के लिए लड़ने वाले लोग अब अपना ही इतिहास मिटा रहे हैं।’’ प्रदर्शनकारियों ने सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांग्लादेश के साथ कूटनीतिक रूप से बातचीत करने का आग्रह किया।
भाषा आशीष रंजन
रंजन