ज्यूरिख हवाईअड्डे पर ब्रेथ एनालाइजर जांच में फेल हुआ पायलट, अंतिम रिपोर्ट आने तक निलंबित

Ads

ज्यूरिख हवाईअड्डे पर ब्रेथ एनालाइजर जांच में फेल हुआ पायलट, अंतिम रिपोर्ट आने तक निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 04:51 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 04:51 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) एअर इंडिया ने ज्यूरिख हवाईअड्डे पर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ जांच में फेल होने वाले एक पायलट को निलंबित कर दिया है।

यह घटना इस महीने की शुरुआत में हुई थी।

पायलट को विमान लेकर ज्यूरिख से दिल्ली के लिए रवाना होना था।

अधिकारियों के अनुसार, विमानन कंपनी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए कदम उठा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना छह सितंबर को हुई थी।

इससे कुछ दिन पहले ही एअर इंडिया ने फुकेत से दिल्ली आ रही उड़ान के कमांडिंग पायलट को मादक पदार्थों का सेवन कर विमान उड़ाने के लिए बर्खास्त कर दिया था।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि संबंधित पायलट को छह सितंबर को ज्यूरिख से दिल्ली के लिए एअर इंडिया की उड़ान एआई 151 संचालित करनी थी।

उन्होंने बताया कि हवाईअड्डे पर उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी, जिसके बाद एअर इंडिया के अधिकारियों ने खुद स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई की गई।

एअर इंडिया की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

अधिकारियों ने बताया कि ज्यूरिख की घटना में स्थानीय अधिकारियों से ‘ब्रेथ एनालाइजर’ की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद पायलट को ड्यूटी से हटा दिया गया और इसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, पायलट को बाद में यात्री के तौर पर भारत वापस भेज दिया गया और अंतिम मेडिकल जांच रिपोर्ट आने व जांच पूरी होने तक वह निलंबित रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के संबंध में ‘स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन’ के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लागू राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

प्रवक्ता ने बताया, “इस संबंध में संबंधित विमानन कंपनी और भारत के नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सूचित कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप ज्यूरिख से दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या एआई151 अपने निर्धारित तय समय के अनुसार रवाना नहीं हो सकी।”

प्रवक्ता ने बताया कि डेटा संरक्षण नियमों के कारण ‘स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन’ इस मामले में इससे अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकता।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश