भारतीय विधिज्ञ परिषद ने ‘एआईबीई’ के परिणाम घोषित किए; 65.92 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए सफल
भारतीय विधिज्ञ परिषद ने 'एआईबीई' के परिणाम घोषित किए; 65.92 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए सफल
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) ने अखिल भारतीय बार परीक्षा (एआईबीई-21) के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें कुल 65.92 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल रहे।
शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, “एआईबीई-21 का आयोजन सात जून को 60 अलग-अलग शहरों के 292 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था, जिसमें कुल 1,75,701 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।”
विज्ञप्ति में बताया गया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले कुल 1,75,701 अभ्यर्थियों में 1,10,909 पुरुष, 64,784 महिलाएं और आठ ट्रांसजेंडर थे।
विज्ञप्ति के मुताबिक, परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई, जिसमें पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया।
इस अखिल भारतीय बार परीक्षा का आयोजन उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हिमा कोहली की अध्यक्षता वाली भारतीय विधिज्ञ परिषद की निगरानी समिति की सीधी देखरेख और मार्गदर्शन में किया गया था।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


