दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगी बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक सफर की झलक

दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगी बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक सफर की झलक

दुर्गा पूजा पंडाल में दिखेगी बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक सफर की झलक
Modified Date: August 26, 2026 / 11:50 am IST
Published Date: August 26, 2026 11:50 am IST

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 26 अगस्त (भाषा) कोलकाता में हिंदू महासभा के दुर्गा पूजा पंडाल में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जीवन और उनके राजनीतिक सफर को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

‘नंदीग्राम से नबान्न : बुबैर जॉयजात्रा’ नाम वाले पूजा पंडाल में शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक संघर्षों और सार्वजनिक जीवन को मॉडल, फ्लेक्स पैनल, तस्वीरों, भित्तिचित्रों और वृत्तचित्रों के जरिए दिखाया जाएगा। शुभेंदु अधिकारी का उपनाम ‘बुबाई’ है।

हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा, ‘‘ पंडाल में अधिकारी की यात्रा के अलग-अलग पड़ाव को दर्शाया जाएगा। इसमें उनका बचपन, राजनीति में प्रवेश, विभिन्न राजनीतिक आंदोलनों के दौरान उनका संघर्ष और अंततः पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने तक का सफर शामिल होगा।’’

उन्होंने कहा कि पंडाल में अधिकारी का एक लघु चित्र भी लगाया जाएगा। इसके अलावा उनके राजनीतिक संघर्ष और करियर की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित एक वृत्तचित्र भी दिखाया जाएगा। पूरी प्रस्तुति को एक दृश्य कथा के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें ऐतिहासिक संदर्भों के साथ कलात्मक तत्वों को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रूबी क्रॉसिंग पर आयोजित होने वाली इस पूजा के लिए काम शुरू हो गया है। पंडाल में पारंपरिक बंगाली ‘पटचित्र’ शैली के चित्रों और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियों को भी शामिल किया जाएगा।

आयोजकों को उम्मीद है कि इस विषय और इसकी विस्तृत दृश्य प्रस्तुति को देखने के लिए दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान लाखों लोग पहुंचेंगे।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में