बंगाल के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल को भारत के लिए ‘अहम पल’ बताया
बंगाल के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल को भारत के लिए ‘अहम पल’ बताया
कोलकाता, 10 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर बधाई दी और इस उपलब्धि को देश के इतिहास में एक “अहम पल” बताया।
मोदी ने बुधवार को यह उपलब्धि हासिल की और उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मोदी ने 26 मई 2014 को भारी जीत के साथ भारत के प्रधानमंत्री का पद संभाला। उन्हें 2019 में और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल नौ जून 2024 को शुरू हुआ।
अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पद पर 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने उनके नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्हें “फैसले लेने वाली, दूरदर्शी और सबको साथ लेकर चलने वाला” बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जटिल वैश्विक चुनौतियों के बीच देश का मार्गदर्शन किया और साथ ही विश्व मंच पर भारत की स्थिति को भी मजबूत किया।
अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी के शासन व्यवस्था के दर्शन “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” पर भी जोर दिया और कहा कि “अंत्योदय” पर ध्यान देने से यह सुनिश्चित करने में मदद मिली है कि विकास का फायदा समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे।
इस उपलब्धि को जनता के जनादेश का प्रतिबिंब बताते हुए अधिकारी ने कहा कि यह मील का पत्थर समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की प्रगति को और मजबूत करेगा।
अधिकारी ने बाद में ‘न्यू टाउन राम मंदिर’ में पूजा-अर्चना भी की।
भाषा प्रशांत मनीषा
मनीषा

Facebook


