बंगाल आग घटना : मंत्री ने कहा, गोदामों में बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था का अभाव

Ads

बंगाल आग घटना : मंत्री ने कहा, गोदामों में बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था का अभाव

  •  
  • Publish Date - January 27, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - January 27, 2026 / 02:37 PM IST

कोलकाता, 27 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले में दो गोदामों में आग लगने की घटना की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वहां बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था का अभाव था। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गयी है।

बोस ने सोमवार तड़के दो गोदामों में लगी आग के स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि इस घटना के संबंध में पुलिस में मामला दर्ज किया जाएगा और गहन जांच की जाएगी।

मंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने दमकल सेवा के महानिदेशक से बात की। वहां आग बुझाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। हमें यह भी देखना होगा कि क्या अग्नि सुरक्षा का ऑडिट किया गया था? एक फोरेंसिक टीम घटनास्थल का दौरा करेगी। प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और पूरी जांच की जाएगी।’’

बोस ने कहा कि आग लगने के बाद से कई लोग अब भी लापता हैं, जबकि घटनास्थल से कुछ शव बरामद किए गए हैं।

अग्निशमन सेवा के महानिदेशक रणवीर कुमार ने कहा कि गोदामों को विभाग से मंजूरी नहीं मिली थी और ‘‘स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन हुआ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कानून के अनुसार, सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे आग लगी और 24 घंटे बाद भी इस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया है। गोदामों के कुछ हिस्से में चिंगारियां अब भी सुलग रही हैं।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘सोमवार रात से कुछ जले हुए शव और कंकाल के अवशेष बरामद किए गए हैं। हालांकि, अब भी कुछ हिस्सों में आग सुलग रही है, जिससे मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।’’

इससे पहले, बोस के घटनास्थल पर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके कारण उनकी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ संक्षिप्त झड़प हुई।

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा