अगरतला, 19 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा सरकार का लक्ष्य नवंबर तक छह नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) शुरू करने का है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पूर्वोत्तर के इस राज्य में आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से वर्तमान में 12 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
जनजातीय कल्याण विभाग के निदेशक सुभाशीष दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘छह नए ईएमआरएस का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, बस कुछ छोटा-मोटा काम बाकी है। हमने ‘नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स’ (नेस्ट्स) से अनुरोध किया था कि जब तक नयी भर्तियां पूरी नहीं हो जातीं, तब तक मौजूदा स्कूलों से कुछ शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को नए स्कूलों में तैनात करने की अनुमति दी जाए। नेस्ट्स ने हमारे इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।’
नेस्ट्स केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत काम करने वाली एक स्वायत्त संस्था है, जो इन एकलव्य स्कूलों का संचालन संभालती है।
दास ने बताया कि कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति के लिए नेस्ट्स से मंजूरी मिलने के बाद ये छह नए स्कूल नवंबर तक शुरू कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘नए एकलव्य स्कूलों में प्रवेश के लिए परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है। अब केवल नये कर्मचारी भर्ती होने तक मौजूदा स्कूलों से शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर लाने का काम बाकी है।’
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश