लापरवाही के लिए बंगाल के अग्निशमन अधिकारी निलंबित

लापरवाही के लिए बंगाल के अग्निशमन अधिकारी निलंबित

लापरवाही के लिए बंगाल के अग्निशमन अधिकारी निलंबित
Modified Date: May 14, 2026 / 08:38 pm IST
Published Date: May 14, 2026 8:38 pm IST

कोलकाता, 14 मई (भाषा) कोलकाता के तिलजाला इलाके में एक चमड़े के कारखाने में लगी भीषण आग के सिलसिले में अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी।

वहीं, बृहस्पतिवार को भी नगर निगम के अधिकारी उस अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त करने में जुटे रहे जिसमें वह कारखाना स्थित था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने प्रगति मैदान दमकल केंद्र के प्रभारी गौतम दास को अग्निशमन अभियान के दौरान घोर लापरवाही और पर्यवेक्षण की कमी के आरोप में निलंबित कर दिया है।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा महानिदेशक द्वारा जारी एक अधिसूचना में विभाग ने कहा कि प्रारंभिक जांच में घटना से निपटने में लापरवाही पाए जाने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।

एक वरिष्ठ अग्निशमन सेवा अधिकारी ने कहा, “विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। आपातकालीन प्रतिक्रिया कर्तव्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस ने फैक्ट्री मालिकों शेख नासिर और शमीम मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि फैक्ट्री अवैध थी और उसके पास स्वीकृत भवन योजना नहीं थी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अधिकारियों को शहर भर में, विशेष रूप से कस्बा, तिलजाला, मोमिनपुर और इकबालपुर जैसे क्षेत्रों में, इसी तरह के अनधिकृत निर्माणों की पहचान करने का निर्देश दिया और अधिकारियों से अवैध ढांचों की बिजली और पानी की आपूर्ति बंद करने को कहा।

नगर निगम अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को गरिया में मिताली संघ मैदान के पास स्थित एक घंटाघर को ध्वस्त कर दिया।

केंद्रीय बलों की सहायता से नगर निगम कर्मचारियों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विध्वंस अभियान चलाया।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में