बंगाल पटाखा फैक्टरी विस्फोट : पुलिस चार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी

बंगाल पटाखा फैक्टरी विस्फोट : पुलिस चार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी

बंगाल पटाखा फैक्टरी विस्फोट : पुलिस चार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी
Modified Date: August 29, 2023 / 09:57 pm IST
Published Date: August 29, 2023 9:57 pm IST

कोलकाता, 29 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में नौ लोगों की मौत के मामले में मंगलवार को दूसरे दिन भी घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम जारी रहा। वहीं, पुलिस फैक्टरी से जुड़े अन्य चार लोगों की तलाश में जुटी है।

दत्तापुकुर इलाके के मोशपोल गांव में विस्फोट के बाद धवस्त हुई अवैध पटाखा फैक्टरी और उसके आस-पास के मकानों के मलबे को हटाने के लिए बड़ी-बड़ी मशीनों का उपयोग किया गया। इस रिहायशी इलाके में रविवार सुबह हुए विस्फोट में गांव के 50 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पटाखा फैक्टरी के मालिक के एक व्यापारिक साझेदार को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि बारासात जिला पुलिस के एक दल ने अवैध पटाखा फैक्टरी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए पड़ोसी जिलों नदिया और मुर्शिदाबाद में तलाशी अभियान चलाया।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ” गिरफ्तार किये गये व्यक्ति के अलावा इस अवैध धंधे में और भी कई लोग शामिल हैं। हमने इलाके के चार लोगों को शक के दायरे में लिया है, जो फिलहाल फरार हैं।”

दत्तापुकुर में विस्फोट के मद्देनजर पड़ोसी बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों ने मंगलवार को वहां मौजूद बंद पटाखा फैक्टरियों में तलाशी अभियान चलाया।

इसबीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने आरोप लगाया कि पटाखे बनाने की आड़ में बम निर्माण एक ‘कुटीर उद्योग’ बन गया है।

कानूनगो ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”हमें पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में बच्चे की मौत की सूचना मिली है। यह पहली दफा नहीं है कि हमें अतीत में बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरियां चलाए जाने की जानकारी मिली है। बंगाल में बम निर्माण एक कुटीर उद्योग बन गया है।”

दत्तापुकुर में रविवार को हुई विस्फोट की घटना राज्य में इस साल मई के बाद अवैध पटाखा फैक्टरी में हुई इस तरह की तीसरी वारदात है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में