ओडिशा: बीजद ने माझी के आवासों पर 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने पर सवाल उठाए

ओडिशा: बीजद ने माझी के आवासों पर 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने पर सवाल उठाए

ओडिशा: बीजद ने माझी के आवासों पर 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने पर सवाल उठाए
Modified Date: September 19, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: September 19, 2026 10:28 pm IST

भुवनेश्वर, 19 सितंबर (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के दो आधिकारिक आवासों के कायाकल्प पर भाजपा सरकार द्वारा 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने पर शनिवार को सवार उठाए।

कार्यकर्ता पी. के. प्रधान द्वारा दायर एक सूचना का अधिकार (आरटीआई) आवेदन से खुलासा हुआ कि यहां मुख्यमंत्री के दो आधिकारिक आवासों की मरम्मत और कायाकल्प से जुड़े कार्यों पर 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

बीजद ने सवाल उठाया कि जनहितैषी होने का दावा करने वाली और महज दो वर्ष में 1,38,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेने वाली भाजपा सरकार मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवासों की मरम्मत और जीर्णोद्धार पर 3.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को कैसे सही ठहरा सकती है।

पार्टी प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, ‘‘आम जनता का मुख्यमंत्री होने का दावा करने के बावजूद दो आवास रखना और उनके जीर्णोद्धार पर सरकारी खजाने से भारी राशि खर्च करना माझी की विलासितापूर्ण मानसिकता को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बनाने का वादा किया था, लेकिन उसकी सरकार निकम्मेपन में नंबर एक बन गई है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि ओडिशा में सत्ता में आई सभी पार्टियों में से निकम्मेपन के मामले में भाजपा पहले स्थान पर है।’

उन्होंने कहा, ‘ऐसे समय में जब ओडिशा के लोग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, मुख्यमंत्री को विलासिता में रहना पसंद आ रहा है, ठीक वैसे ही जैसे जब रोम जल रहा था तो नीरो बांसुरी बजा रहा था।’

मुख्यमंत्री के आवासों पर भारी खर्च के बीजद के आरोपों पर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) या भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

भाषा

जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में