बंगाल सरकार के कर्मचारियों ने राज्य सचिवालय में भाजपा की जीत का जश्न मनाया

बंगाल सरकार के कर्मचारियों ने राज्य सचिवालय में भाजपा की जीत का जश्न मनाया

बंगाल सरकार के कर्मचारियों ने राज्य सचिवालय में भाजपा की जीत का जश्न मनाया
Modified Date: May 5, 2026 / 07:17 pm IST
Published Date: May 5, 2026 7:17 pm IST

कोलकाता, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों के एक वर्ग ने मंगलवार को राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जश्न मनाया।

हावड़ा में सचिवालय की बहुमंजिला इमारत में कर्मचारियों ने ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए तथा भगवा झंडे लहराए।

एक अधिकारी ने बताया, “नबान्न के अंदर हमने ऐसा पहले कभी नहीं देखा था। कर्मचारियों के एक समूह ने अचानक नारे लगाने शुरू कर दिए।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। उन्होंने कहा, “कोई झगड़ा नहीं हुआ, न ही कामकाज में कोई बाधा आई, लेकिन नारों ने कई लोगों को चौंका दिया।”

राज्य सरकार के कुछ कर्मचारियों ने राजनीतिक बदलाव को लेकर आशावाद व्यक्त किया।

समीर घोष नामक कर्मचारी ने कहा, “आज हम बहुत खुश हैं। हमने बदलाव के लिए मतदान किया था और आखिरकार वह बदलाव आ गया है। आज हम बिना किसी डर के खुलकर बोल सकते हैं।”

एक अन्य कर्मचारी शंपा सान्याल ने इसे “पिछले 15 वर्षों के कुशासन से मुक्ति” करार दिया। उन्होंने कहा, “कठिनाइयों से जूझने के बाद भी हम खुलकर बोलने में असमर्थ थे। आज वह डर दूर हो गया है।”

सौमित्र दास नाम के कर्मचारी ने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि नयी सरकार लंबे अरसे से अटकी उनकी मांगों, खास तौर पर महंगाई भत्ते (डीए) से जुड़ी बकाया राशि के भुगतान के मुद्दे का समाधान करेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है, तो वह सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करेगी और 45 दिन के भीतर डीए बकाया राशि का भुगतान करेगी।

भाजपा ने 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा की 207 सीट पर जीत हासिल की, जिससे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया।

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में