बंगाल मेरा दूसरा घर, राज्य में मेरी यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई: पूर्व राज्यपाल बोस

बंगाल मेरा दूसरा घर, राज्य में मेरी यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई: पूर्व राज्यपाल बोस

बंगाल मेरा दूसरा घर, राज्य में मेरी यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई: पूर्व राज्यपाल बोस
Modified Date: March 11, 2026 / 01:29 pm IST
Published Date: March 11, 2026 1:29 pm IST

कोलकाता, 11 मार्च (भाषा) पूर्व राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल को अपना ‘‘दूसरा घर’’ बताया और कहा कि राज्य में उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है क्योंकि वह इससे जुड़े रहेंगे।

बंगाल के लोगों के नाम लिखे एक पत्र में बोस ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन और स्नेह के लिए उनका आभार जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, मेरा कार्यकाल समाप्त हो गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। पश्चिम बंगाल मेरा दूसरा घर है और इसके अभिन्न अंग के रूप में मैं इससे जुड़ा रहूंगा।’’

पूर्व राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा की और लोगों से बातचीत की।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों में मुझे राज्य के कोने-कोने का दौरा करने और लोगों से बातचीत करने का अवसर मिला। मैंने लोगों के साथ उनकी झोपड़ियों में भोजन किया।’’

बोस ने कहा कि वह राज्य भर के लोगों के साथ हुई बातचीत की यादों को संजो कर रखेंगे।

उन्होंने राज्य के लोगों के नाम लिखे विदाई संदेश में कहा, ‘‘कई दशक पहले महात्मा गांधी ने कहा था कि ‘मैं बंगाल नहीं छोड़ सकता, और बंगाल मुझे जाने नहीं देगा।’ आज मैं भी वही महसूस कर रहा हूं।’’

उन्होंने राज्य भर की यात्रा के दौरान अपने अनुभवों को रेखांकित करने के लिए रवींद्रनाथ टैगोर की कविता का भी उद्धरण दिया।

पूर्व राज्यपाल ने टैगोर की कविता का उद्धरण देते हुए कहा, ‘‘यह मंत्रोच्चार, गायन और माला जपना छोड़ दो। वह (ईश्वर) वहां है जहां किसान बंजर जमीन जोत रहा है और जहां पथ-निर्माता पत्थर तोड़ रहा है।’’

नवंबर 2022 से पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे बोस ने अपना कार्यकाल पूरा होने से लगभग 18 महीने पहले ही पांच मार्च को पद से इस्तीफा दे दिया था।

भाषा सुभाष शोभना

शोभना


लेखक के बारे में