बंगाल पुलिस ने करोड़ों रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति पवन रुइया को गिरफ्तार किया

बंगाल पुलिस ने करोड़ों रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति पवन रुइया को गिरफ्तार किया

बंगाल पुलिस ने करोड़ों रुपये के साइबर धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति पवन रुइया को गिरफ्तार किया
Modified Date: March 31, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: March 31, 2026 9:18 pm IST

कोलकाता, 31 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने उद्योगपति पवन रुइया को मुखौटा कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिये धनशोधन कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिधाननगर साइबर अपराध पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद रुइया को कोलकाता के बाहरी इलाके न्यू टाउन में स्थित एक होटल के पास से पकड़ा गया।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने साइबर अपराध मामलों की अपनी जांच के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है, जिसमें कथित तौर पर 315 करोड़ रुपये की लेनदेन मुखौटा कंपनियों और रुइया परिवार से जुड़े व्यक्तियों के बैंक खातों के जरिये होने की बात सामने आई।

पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा दिन में पहले आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों को दी गई अंतरिम सुरक्षा को रद्द करने के बाद हुई है।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पिछले साल दिसंबर में उद्योगपति, उनके बेटे राघव और उनकी बेटी पल्लवी को देश भर में विभिन्न ऑनलाइन घोटालों से प्राप्त धनराशि को अपने बैंक खातों में जमा करने के आरोप में अग्रिम जमानत दे दी थी।

जांचकर्ताओं के मुताबिक यह मामला एक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से संचालित फर्जी निवेश योजना के जरिए एक वरिष्ठ नागरिक से कथित तौर पर 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा है।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में