बंगाल चुनाव : वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने दो करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की
बंगाल चुनाव : वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने दो करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की
कोलकाता, पांच अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के वरिष्ठ नेता और खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार दिलीप घोष ने लगभग दो करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है।
यह 2024 के लोकसभा चुनाव में घोषित उनकी 1.82 करोड़ रुपये की संपत्ति से अधिक है, जब उन्होंने बर्दवान-दुर्गापुर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी चल संपत्ति 28.75 लाख रुपये है और नकद लगभग 3.5 लाख रुपये है। उनकी पत्नी रिंकू मजूमदार के पास 22.98 लाख रुपये की चल संपत्ति है और उनके पास लगभग 50 लाख रुपये नकद हैं।
दंपति ने बैंकों और डाकघर की योजनाओं में भी निवेश किया है, जिसमें सावधि जमा और मासिक आय योजनाएं शामिल हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने 2016 में पश्चिम मेदिनीपुर जिले की इसी सीट से पहला विधानसभा चुनाव लड़ते समय 30.29 लाख रुपये की कुल संपत्ति घोषित की थी।
उन्होंने 2019 में मिदनापुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था और उस समय उनकी संपत्ति 45.36 लाख रुपये बताई गई थी।
अब 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए दिए गए हलफनामे में घोष ने यह भी बताया कि वह अब कर्जमुक्त हैं। दस्तावेज के अनुसार, उनकी पत्नी की कुल संपत्ति लगभग 93 लाख रुपये है।
घोष की अचल संपत्ति में पश्चिम मेदिनीपुर में 1.88 एकड़ कृषि भूमि (लगभग 40 लाख रुपये मूल्य) और कोलकाता के लेदर कॉम्प्लेक्स इलाके में एक फ्लैट शामिल है, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत 1.42 करोड़ रुपये है।
उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में मिदनापुर सीट से करीब 89,000 वोट से जीत हासिल की थी, लेकिन 2024 के चुनाव में बर्दवान-दुर्गापुर सीट से लगभग 1.37 लाख वोट से हार गए थे।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि

Facebook


