बेंगलुरु पुलिस ने स्टंट का वीडियो प्रसारित होने के बाद एक महंगी कार को जब्त किया
बेंगलुरु पुलिस ने स्टंट का वीडियो प्रसारित होने के बाद एक महंगी कार को जब्त किया
बेंगलुरु, 22 मार्च (भाषा) बेंगलुरु यातायात पुलिस ने एक महंगी ‘स्पोर्ट्स’ कार द्वारा कथित खतरनाक करतब का वीडियो सोशल मीडिया मंच पर प्रसारित होने के बाद उसे जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय को इस मामले के संबंध में पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस जारी किया है, क्योंकि कार उसके आवास पर मिली।
हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन का मालिक कौन है या स्टंट के दौरान राय ही वाहन चला रहा था या नहीं, इन बातों की जांच और सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उसने कर्नाटक पंजीयन वाली एक लग्जरी कार के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बताया जा रहा है कि यह घटना अनिल कुंबले सर्कल पर रात दो बजे . तीन बजे के बीच हुई।
वीडियो में कार तेज रफ्तार से ‘ड्रिफ्ट’ करती और मोड़ लेती हुई दिख रही है, जिससे कथित तौर पर लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ।
पुलिस के अनुसार, चालक ने चौराहे के चारों ओर चक्कर लगाने सहित कई स्टंट किए। कार में सवार कुछ लोग ‘सनरूफ’ से बाहर खड़े होकर चिल्लाते हुए भी दिखाई दिए।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


