राजग से सतर्क रहें, सत्ता में आने पर स्टालिन के सारे अच्छे काम पर पानी फेर देगा : केजरीवाल

राजग से सतर्क रहें, सत्ता में आने पर स्टालिन के सारे अच्छे काम पर पानी फेर देगा : केजरीवाल

राजग से सतर्क रहें, सत्ता में आने पर स्टालिन के सारे अच्छे काम पर पानी फेर देगा : केजरीवाल
Modified Date: April 21, 2026 / 04:16 pm IST
Published Date: April 21, 2026 4:16 pm IST

चेन्नई, 21 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को तमिलनाडु के लोगों से राजग से ‘‘सतर्क’’ रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर गलती से भी वे उसे सत्ता में लाते हैं तो वे द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन के सारे अच्छे काम पर पानी फेर देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार की तरह ही तमिलनाडु में भी अपना मुख्यमंत्री खुद चुनेगा।

केजरीवाल ने गुजरात में भाजपा के शासन की आलोचना करते हुए कहा कि 30 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों की हालत में कोई सुधार नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया, ‘‘वहां इतना भ्रष्टाचार है…जहां भी भाजपा ने शासन किया, राज्य बर्बाद हो गया।’’

दिल्ली के अपने अनुभव का हवाला देते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आम आदमी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार के सभी अच्छे काम को खराब करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल दिल्ली में लोगों ने भाजपा को वोट दिया था और अब वे भाजपा सरकार से आजिज आ चुके हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, सड़क, पानी-बिजली के क्षेत्र में हमने जो भी अच्छा काम किया था, उसे भाजपा ने बर्बाद कर दिया है।

‘‘इसलिए, अगर लोग गलती से भी भाजपा, राजग या अन्नाद्रमुक को वोट देते हैं, तो मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा पिछले पांच वर्षों में किये गए सारे अच्छे काम पर पल भर में पानी फेर दिया जाएगा।’’

केजरीवाल यहां सत्तारूढ़ द्रमुक और उसके सहयोगियों के लिए अपने दो दिवसीय चुनाव प्रचार के समापन पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर भाजपा एक भी सीट जीत जाती है – मुझे यकीन है कि लोग राजग, अन्नाद्रमुक या भाजपा में से किसी को भी वोट नहीं देंगे – लेकिन मान लीजिए कि अगर वे जीत जाते हैं, सैद्धांतिक रूप से अगर वे एक सीट जीत जाते हैं, तो वे बिहार की तरह अपना मुख्यमंत्री चुन लेंगे।’’

द्रमुक पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोपों के जवाब में, केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को पहले अपनी पार्टी को देखना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री अमित शाह का बेटा क्या कर रहा है? केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का बेटा क्या कर रहा है? भाजपा आज सबसे भ्रष्ट पार्टी है। प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जी अपने मित्रों को सब कुछ दे रहे हैं।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में