भरतपुर: नगरपरिषद की बैठक के दौरान विधायक व ईओ में बहस

Ads

भरतपुर: नगरपरिषद की बैठक के दौरान विधायक व ईओ में बहस

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 01:09 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 01:09 PM IST

भरतपुर, 13 जून (भाषा) राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना नगर परिषद की एक बैठक के दौरान बयाना की विधायक ऋतु बनावत और नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी (ईओ) अनीता कुमारी के बीच तीखी बहस हुई।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब निर्दलीय विधायक ने बैठक के दौरान ईओ से जन समस्याओं और प्रशासनिक मुद्दों से जुड़े कई सवाल पूछे। बहस बढ़ गई और दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई।

यह विवाद तब और बढ़ गया जब कुमारी ने बयाना की विधायक की उन टिप्पणियों पर आपत्ति जताई, जो बैठक के दौरान दखल दे रहे कुछ लोगों के बारे में थीं। बनावत ने उन लोगों से कहा था कि जब वह बोल रही हों, तो वे बीच में दखल न दें।

खबरों के मुताबिक, ईओ ने विधायक से पूछा कि उन लोगों को बैठक कक्ष से बाहर जाने के लिए क्यों कहा गया और कहा कि वे उनके परिवार के सदस्यों की तरह हैं।

इस पर बनावत ने जवाब दिया कि अनुशासनहीनता और बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को शांत कराया। बनावत ने इस घटना की शिकायत शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, भरतपुर के संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर से की है।

अधिकारियों ने बताया कि ईओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा पृथ्वी शोभना

शोभना