बिहार : भोजपुर में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
बिहार : भोजपुर में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
आरा, 18 जून (भाषा) बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले में उस कथित वीडियो के सामने आने के बाद शाहपुर थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल तानता दिखाई दे रहा है।
पुलिसकर्मियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप है।
पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि शाहपुर के थानाध्यक्ष राजेश कुमार मलाकार, एक पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई), एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) और एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीराज के आदेश पर की गई।
सूत्रों ने बताया कि 16 जून को हुई घटना के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों में सतर्कता की कमी पाई गई। सूत्रों ने कहा कि युवक द्वारा हथियार लहराने के बावजूद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। बाद में बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में आरोपी भारत भूषण तिवारी की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद बृहस्पतिवार को क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन हुए।
भोजपुर के एसपी श्रीराज ने कहा, ‘‘16 जून की घटना के संबंध में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। वायरल वीडियो में भारत भूषण तिवारी पुलिसकर्मियों पर पिस्तौल ताने हुए दिखाई दे रहा है, जबकि थानाध्यक्ष और उनकी टीम स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही।’’
पुलिस के अनुसार, तिवारी बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। वह जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव का निवासी था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘बुधवार को बिलौती गांव में चलाए गए अभियान के दौरान तिवारी ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसके बाद आत्मरक्षा और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।’’
गोलीबारी में घायल तिवारी को पहले आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली थी कि पिस्तौल से लैस तिवारी गांव में उत्पात मचा रहा है। इसके बाद उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को पर्याप्त तैयारी के साथ पुलिस टीम गांव पहुंची, लेकिन तिवारी खुले मैदान में चला गया, पुलिस को चुनौती देने लगा और सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण भी करने लगा। इस दौरान तिवारी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी भी की।
भाषा कैलाश शफीक
शफीक

Facebook


